
जन एक्सप्रेस /काशीपुर :- ऊधम सिंह नगर के काशीपुर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। महुआखेड़ागंज क्षेत्र स्थित गिरधर रेलवे फाटक पर ड्यूटी के दौरान एक गेटमैन की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान पैगा गांव निवासी अंकुर भारद्वाज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह अंकुर रेलवे फाटक पर ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान वह रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे, तभी दिल्ली की दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि अंकुर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही आरपीएफ प्रभारी सुखवंत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार, अंकुर तीन भाइयों में बीच के थे और शादीशुदा थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा पांच वर्ष की मासूम बेटी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक की लहर है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अंकुर किन परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक तक पहुंचे और हादसा किस तरह हुआ। पुलिस और रेलवे प्रशासन घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।






