CrimeNatural DisasterUP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़हरदोई

नेपाल की बाढ़ में हरदोई के दो युवक लापता,घरों में मचा कोहराम

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई।नेपाल में आई भीषण बाढ़ ने हरदोई के पिहानी क्षेत्र के अहेमी गांव के दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। अपर तिरसूली पावर प्रोजेक्ट-वन में काम करने वाले दो युवक बाढ़ के बाद से लापता हैं। दोनों करीब दो वर्षों से नेपाल में रहकर रोजी-रोटी कमा रहे थे। बाढ़ के दौरान अचानक संपर्क टूटने के बाद से परिजन उनकी सलामती को लेकर परेशान हैं। स्थानीय स्तर पर दोनों की तलाश जारी है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। लापता होने की खबर घर पहुंचते ही परिवारों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अहेमी के पास झाला निवासी पपेंद्र सिंह (35) पुत्र दरबार सिंह और ऋषि पाल सिंह (22) पुत्र हरजिंदर सिंह अपर तिरसूली पावर प्रोजेक्ट-वन में काम करते थे। पपेंद्र सिंह क्रेन ऑपरेटर, जबकि ऋषि पाल सिंह कटर ऑपरेटर थे। बताया गया कि नेपाल में बाढ़ आने के दौरान दोनों से संपर्क टूट गया। इसके बाद परिवारों ने लगातार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पपेंद्र सिंह की पत्नी रविंद्र कौर का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में रिश्तेदारों और परिचितों की भीड़ जुटी है। हर कोई दोनों युवकों के सकुशल लौटने की दुआ कर रहा है।

बाढ़ के बाद स्थानीय टीम दोनों युवकों की तलाश में जुटी है।आशंका है कि तेज बहाव की चपेट में आने से दोनों बह गए हों, लेकिन अभी तक न तो दोनों का कोई सुराग मिला है और न ही उनके शव बरामद हुए हैं। ऐसे में परिजनों की उम्मीद अभी कायम है। उन्हें भरोसा है कि दोनों कहीं सुरक्षित होंगे और जल्द ही उनकी कोई खबर मिलेगी। नेपाल में मेहनत-मजदूरी कर परिवार का सहारा बनने गए दोनों युवकों के लापता होने से पिहानी क्षेत्र में भी चिंता और शोक का माहौल है। ग्रामीण लगातार परिवारों के संपर्क में रहकर उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button