गर्रा नदी का जलस्तर 129.110 मीटर, खतरे के निशान से 44 सेमी मीटर नीचे

रिपोर्ट-शिवशर्मा
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- लगातार बारिश और बैराजों से छोड़े जा रहे पानी के कारण गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार केंद्रीय जल आयोग साइट साण्डी पर गर्रा नदी का जलस्तर 129.110 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि खतरे का निशान 129.650 मीटर है। यानी नदी का पानी खतरे के निशान से 44 सेमी मीटर नीचे है।
जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। खेतों और निचले क्षेत्रों में पानी पहुंचने से किसानों को फसलों के नुकसान की आशंका है। लोनार क्षेत्र के झौहान, बूटामऊ, असलापुर, नसौली गोपाल, बघौरा, गढ़िया दिल्ला, कोलिया, गोविंदपुर, टेभनापुर व मलवा समेत सवायजपुर तहसील के बरवन, मझिगवां, मिरिकापुर और सवदलपुर आदि गांवों में ग्रामीण सतर्क हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक हरिद्वार से गंगा में 1,10,906 क्यूसेक, नरौरा से 87,835 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। वहीं नानकसागर डैम से गर्रा नदी में 2,799 क्यूसेक और ड्यूनी डैम पीलीभीत से 11,689 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए नाव, राहत सामग्री, सुरक्षित स्थान और पशुओं के चारे समेत जरूरी इंतजाम पहले से सुनिश्चित कराने की मांग की है। प्रशासन द्वारा जलस्तर और पानी की आवक पर नजर रखी जा रही है।






