:जौनपुरUP Breaking Newsउत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगब्रेकिंग न्यूज़हेल्थ

आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा के समन्वय से स्वस्थ समाज की दिशा में बढ़ा जौनपुर

जन एक्सप्रेस/जौनपुर :-  लायंस क्लब जौनपुर ‘गोमती’ की ओर से रविवार को कुंवर दास सेवा आश्रम हॉस्पिटल, आजमगढ़ रोड में ‘आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा : स्वास्थ्य के दो आयाम — सम्पूर्ण संवाद’ विषय पर विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा पद्धति के विशेषज्ञ एक मंच पर जुटे और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली, बीमारी से बचाव और समय पर चिकित्सकीय परामर्श से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए।जौनपुर में पहली बार आयोजित इस तरह के संवाद का उद्देश्य आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा को लेकर लोगों के मन में मौजूद जिज्ञासाओं और भ्रांतियों को दूर करना तथा आमजन को प्रमाणिक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना रहा।

आधुनिक चिकित्सा विशेषज्ञों ने बताए समय पर जांच और उपचार के फायदे

आधुनिक चिकित्सा पद्धति की ओर से वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राम अवध यादव, वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. वी.एस. उपाध्याय और फिजिशियन डॉ. अंशु कुमारी ने विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं, समय पर जांच, उचित उपचार और चिकित्सकीय परामर्श के महत्व पर जानकारी साझा की।विशेषज्ञों ने लोगों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने और आवश्यकता पड़ने पर योग्य चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की।

आयुर्वेद विशेषज्ञों ने आहार-विहार और दिनचर्या पर दिया जोर

आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति की ओर से शकुन्तला यादव आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. बीना त्रिपाठी, डिप्टी मेडिकल सुप्रीटेंडेंट डॉ. अरुण कुमार तिवारी और वाइस प्रिंसिपल डॉ. जी.एस. यादव ने आयुर्वेद की जीवनशैली आधारित अवधारणाओं पर विस्तार से चर्चा की।उन्होंने आहार-विहार, संतुलित दिनचर्या और रोगों से बचाव जैसे विषयों पर लोगों को जानकारी दी। विशेषज्ञों ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए केवल बीमारी का इलाज ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नियमित व्यायाम, संतुलित खान-पान, मानसिक संतुलन और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण भी जरूरी है।

चिकित्सकीय सलाह के बाद ही दवाओं के इस्तेमाल पर जोर

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने किसी भी चिकित्सा पद्धति या औषधि का इस्तेमाल योग्य चिकित्सक की सलाह से करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी निर्णय में प्रमाणिक जानकारी और विशेषज्ञ की सलाह महत्वपूर्ण है।

आमजन ने विशेषज्ञों से पूछे स्वास्थ्य संबंधी सवाल

कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. शंकुतला यादव ने कहा कि आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा को लेकर लोगों के मन में कई सवाल होते हैं। ऐसे संवाद आमजन और विशेषज्ञों के बीच सीधे बातचीत का अवसर देते हैं और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मददगार साबित हो सकते हैं।कार्यक्रम की अध्यक्षता लायंस क्लब जौनपुर ‘गोमती’ के उपाध्यक्ष शिवकुमार साहू ने की। क्लब के सचिव लायन नवीन मिश्रा ने कहा कि समाज को स्वास्थ्य के संबंध में सही और प्रमाणिक जानकारी मिलने से लोग अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य के प्रति अधिक सजग निर्णय ले सकते हैं। उन्होंने ऐसे संवाद आगे भी आयोजित किए जाने की बात कही।कार्यक्रम में चिकित्सकों, लायंस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के अलावा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान लोगों ने विशेषज्ञों से स्वास्थ्य संबंधी सवाल पूछे, जिनका चिकित्सकों ने समाधान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button