
जन एक्सप्रेस /काशीपुर :- माननीय उच्च न्यायालय, नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर के निर्देश पर काशीपुर पुलिस ने बुधवार को टांडा तिराहा पर निजी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस ने ऐसे निजी वाहनों की जांच की, जिन पर वाहन स्वामियों द्वारा किसी विभाग, संस्था, राजनीतिक दल अथवा पद का बोर्ड या पदनाम प्रदर्शित किया गया था। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 10 वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम/नियमों के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि निजी वाहन व्यक्तिगत परिवहन के लिए होते हैं। ऐसे वाहनों पर कोई ऐसा बोर्ड, पदनाम या पहचान प्रदर्शित नहीं की जा सकती, जिससे वाहन किसी सरकारी विभाग, संवैधानिक या लोक पद अथवा अधिकृत संस्था का आधिकारिक वाहन प्रतीत हो।
काशीपुर पुलिस ने वाहन स्वामियों से निजी वाहनों पर अनधिकृत रूप से विभाग, पद अथवा राजनीतिक दल से संबंधित बोर्ड या पदनाम नहीं लगाने की अपील की है। पुलिस ने यातायात नियमों का पालन करने और अभियान में सहयोग करने की भी अपील की।






