utrakhandउत्तरकाशी

पर्यावरण संरक्षण का संदेश: रेनबो इंटरनेशनल एकेडमी में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान शुरू

जन एक्सप्रेस /चिन्यालीसौड़ :-  रेनबो इंटरनेशनल एकेडमी, चिन्यालीसौड़ में 23 सितंबर 2026 को पर्यावरण संरक्षण और मातृ-प्रेम को समर्पित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण एवं जागरूकता सभा हुई। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश नाथ ने छात्र-छात्राओं, अध्यापकों और अभिभावकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

प्रधानाचार्य ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। स्वच्छ हवा, पर्यावरण संतुलन और भविष्य की पीढ़ियों के सुरक्षित जीवन के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना जरूरी है। उन्होंने घटते हरित आवरण पर चिंता जताते हुए कहा कि पौधरोपण के साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा भी हमारी जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि मां के प्रति सम्मान और प्रेम व्यक्त करने का इससे सुंदर तरीका हो सकता है कि उनके नाम पर एक पौधा लगाया जाए और उसे पेड़ बनने तक उसकी देखभाल की जाए। उन्होंने विद्यालय के सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान किया। इस संदेश से कार्यक्रम में मौजूद बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह दिखाई दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। अभिभावकों ने प्रधानाचार्य की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों को पर्यावरण के महत्व को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर देते हैं।

गौरतलब है कि विद्यालय में 23 सितंबर से अर्धवार्षिक परीक्षाएं भी शुरू हुईं। परीक्षाओं से पहले आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जुड़ाव के साथ सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों को अर्धवार्षिक परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। प्रकृति की रक्षा इसी जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यदि प्रत्येक विद्यार्थी एक पौधे की जिम्मेदारी लेकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापकगण, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। सभी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को सराहनीय पहल बताते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button