
जन एक्सप्रेस /रामनगर :- पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने देर रात कार्रवाई करते हुए अवैध लीसा तस्करी का मामला पकड़ा है। टीम ने भंडारपानी मार्ग पर ग्रासलैंड के पास एक कैंटर को रोककर तलाशी ली। वाहन से 390 कनस्तरों में भरा लीसा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब नौ लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान कैंटर चालक को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, सूचना के आधार पर टीम ने कैंटर संख्या यूके18-सीए-9162 को रोककर तलाशी ली थी। वाहन चालक प्रेम पुत्र टीकम निवासी धारी, नैनीताल से पूछताछ की गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि लीसा बेतालघाट क्षेत्र से रामनगर की ओर लाया जा रहा था।
रामनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि बरामद लीसा और कैंटर को कब्जे में लेकर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। मौके से फरार हुए दूसरे व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
पुलिस और वन विभाग की टीम अब लीसा के स्रोत और उसकी संभावित सप्लाई के ठिकाने के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।






