एसडीएम शिवानी सिंह ने विद्यार्थियों से किया संवाद, करियर को लेकर दिए महत्वपूर्ण सुझाव

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- करियर काउंसलिंग कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को सेठ बाबूराम भारतीय इंटर कॉलेज, पाली में विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी सवायजपुर शिवानी सिंह ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें करियर को लेकर लक्ष्य निर्धारित करने और उसके अनुरूप सुनियोजित ढंग से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
एसडीएम शिवानी सिंह ने विद्यार्थियों से उनकी रुचि, भविष्य की योजनाओं और करियर संबंधी जिज्ञासाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने, अनुशासन का पालन करने तथा समय का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सही दिशा में निरंतर प्रयास और मेहनत से विद्यार्थी अपने निर्धारित लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने करियर के विभिन्न विकल्पों के साथ ही मानसिक तनाव, मानसिक स्वास्थ्य, अनुशासन और स्वच्छता समेत कई विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं रखीं। एसडीएम शिवानी सिंह एवं अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों के सवालों का समाधान करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

इस अवसर पर डॉ. अजीमुद्दीन तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाली की चिकित्सा अधिकारी डॉ. मीनाक्षी ने भी विद्यार्थियों को स्वास्थ्य एवं मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, स्वच्छता का ध्यान रखने तथा तनाव की स्थिति में सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. वेद प्रकाश द्विवेदी ने एसडीएम सवायजपुर शिवानी सिंह एवं चिकित्सा अधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ऐसे संवादात्मक कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपने भविष्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।






