
जन एक्सप्रेस /काशीपुर :- डायल 112 पर कार चोरी होने की झूठी सूचना देना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। काशीपुर पुलिस ने मामले की जांच के बाद झूठी सूचना देने वाले व्यक्ति के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत 10 हजार रुपये का चालान किया।
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर को आर्यनगर निवासी विजय कुमार पुत्र हरीश चंद्र ने डायल 112 पर अपनी निजी कार चोरी होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही थाना काशीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान कार चोरी होने की सूचना झूठी पाई गई। पुलिस के मुताबिक, विजय कुमार द्वारा पुलिस को गुमराह करने और पुलिस संसाधनों का दुरुपयोग करने के मामले में पुलिस एक्ट के तहत 10 हजार रुपये का चालान किया गया।
काशीपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डायल 112 का इस्तेमाल केवल वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में करें। किसी घटना की सूचना पुलिस को सही और तथ्यात्मक रूप से दें। झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






