utrakhandउत्तराखंडदेहरादूनब्रेकिंग न्यूज़राज्य खबरेंहरिद्वार

भोगपुर में गूंजेगा गायत्री मंत्र, 51 कुंडीय महायज्ञ की दिव्य कलश यात्रा के साथ शुरुआत

भोगपुर में 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ

जन एक्सप्रेस / हरिद्वार/देहरादून / चंद्रप्रकाश बहुगुणा। गायत्री शक्तिपीठ भोगपुर में 23 से 26 अक्टूबर तक 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का विराट आयोजन किया जाएगा। गायत्री परिवार भोगपुर की ओर से आयोजित यह महायज्ञ नारी सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण तथा विश्व शांति और सद्भावना के संदेश को समर्पित होगा।आयोजन का संबंध शांतिकुंज हरिद्वार की संस्थापिका वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी और अखंड ज्योति की जन्म शताब्दी के पावन अवसर से भी जोड़ा गया है।महायज्ञ के आयोजन की तैयारियों के क्रम में शनिवार को शांतिकुंज हरिद्वार से दिव्य कलश यात्रा निकाली गई। शांतिकुंज की मुख्य महिला मंडल व्यवस्थापिका शेफाली पांडे ने विधिवत पूजन के बाद कलश को भोगपुर के लिए रवाना किया। सैकड़ों गायत्री परिजन कलश लेकर भोगपुर पहुंचे, जहां क्षेत्रीय परिजनों ने भव्य स्वागत किया। इसके बाद कलश को पूरे क्षेत्र में भ्रमण कराया गया।

आयोजन के व्यवस्थापक राकेश कुमार अत्री ने बताया कि भोगपुर क्षेत्र में दूसरी बार 51 कुंडीय यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। महायज्ञ के दौरान मुंडन, पुंसवन, जन्म दिवस, विवाह दिवस सहित विभिन्न संस्कार निशुल्क संपन्न कराए जाएंगे। आयोजन की सफलता के लिए नियमित जप का क्रम भी शुरू कर दिया गया है।उन्होंने बताया कि यज्ञ के माध्यम से युवा शक्ति को परम पूज्य गुरुदेव के विचारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वरिष्ठ परिजनों की ओर से नारी जागरण, पर्यावरण संरक्षण और व्यसन मुक्ति जैसे विषयों पर उद्बोधन किए जाएंगे। यज्ञ स्थल पर शांतिकुंज की ओर से विशेष प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।

भानियावाला, डोईवाला, रानीपोखरी सहित आसपास के क्षेत्रों को गायत्रीमय बनाने के लिए गायत्री परिवार के परिजन घर-घर जाकर लोगों को महायज्ञ की जानकारी और इसकी महत्ता बता रहे हैं। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button