कायस्थ महासभा की नई जिला कार्यकारिणी गठित, 117 पदाधिकारियों को दिलाई शपथ
फतेहपुर में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की नवीन कार्यकारिणी गठित, सदस्यता अभियान और समाजसेवा पर जोर

जन एक्सप्रेस / फतेहपुर ।अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की नवीन जिला कार्यकारिणी का गठन रविवार को दिल्ली दरबार होटल में आयोजित समारोह में किया गया। कार्यक्रम राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनूप श्रीवास्तव एवं प्रदेश अध्यक्ष विकास कुमार श्रीवास्तव ‘बाबा’ के मार्गदर्शन और जिलाध्यक्ष डॉ. अनुराग श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित हुआ। समारोह में 117 पदाधिकारियों को संगठन की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम का शुभारंभ कायस्थ समाज के आराध्य भगवान श्री चित्रगुप्त जी की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों को मंचासीन कराया गया। जिलाध्यक्ष डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने संरक्षक मंडल के सदस्यों को मोतियों की माला और ‘जय श्री राम’ अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह में नवीन कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र प्रदान किए गए। संगठन के विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों और सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। महिला प्रकोष्ठ में भी जिलाध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव सहित अन्य सदस्यों का मनोनयन किया गया।सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन के प्रति समर्पण, निष्ठा, पद की गरिमा और गोपनीयता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
तहसील से वार्ड स्तर तक चलेगा सदस्यता अभियान
जिलाध्यक्ष डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि जल्द ही जिले की तीनों तहसीलों, ब्लॉक, नगर और वार्ड स्तर तक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक कायस्थ बंधुओं को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह, बीमारी और अन्य आवश्यक परिस्थितियों में समाज के सहयोग से सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को श्री मोटेश्वर महादेव मंदिर परिसर स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर में भगवान श्री चित्रगुप्त जी की पूजा और आरती का आयोजन किया जाएगा।
समाज की डायरेक्टरी तैयार करने की घोषणा
राकेश श्रीवास्तव ने ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना के साथ समाजसेवा करने का आह्वान किया। सत्येंद्र श्रीवास्तव ने डॉ. अनुराग श्रीवास्तव के साथ मिलकर संगठन को आगे बढ़ाने की बात कही। प्रमोद श्रीवास्तव ने ‘मैं नहीं, हम’ की भावना के साथ कार्य करने पर जोर दिया।इस दौरान समाज के लोगों की डायरेक्टरी तैयार करने की भी घोषणा की गई। इसमें समाज के लोगों के प्रतिष्ठान, व्यवसाय और संपर्क सूत्रों से जुड़ी जानकारी शामिल की जाएगी।
सेना और पुलिस सेवा में चयनित प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह में कायस्थ समाज की प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। नयन श्रीवास्तव, पुत्र बृजेश एवं पूनम श्रीवास्तव, निवासी शकुन नगर, का भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयन होने पर सम्मान किया गया।वहीं सोनल श्रीवास्तव, पुत्री संजय एवं रेखा श्रीवास्तव, निवासी खंभापुर, का पुलिस सेवा में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर पद पर चयन होने पर माल्यार्पण, शॉल और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में विशेष सहयोग के लिए संजय श्रीवास्तव को भी सम्मानित किया गया।
2 अक्टूबर को रक्तदान शिविर
जिलाध्यक्ष डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि आगामी 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में डॉ. एस.के. सक्सेना ने गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। सचिव आशीष श्रीवास्तव की माता के निधन पर उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव संजय कुमार श्रीवास्तव, संदीप श्रीवास्तव, प्रांत प्रमुख सेवाभारती राकेश श्रीवास्तव, डॉ. तेजमान सिंह, हृदयेश श्रीवास्तव, महेंद्र कृष्ण एड., सत्येंद्र श्रीवास्तव एड., प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, दिनेश चन्द्र, दिनेश कुमार, लालजी, चंद्रप्रकाश श्री, रतनसेन श्री, अचल श्री, गिरजाशंकर श्री, डॉ. एस.के. सक्सेना, जगदीश प्रसाद, इजेश कुमार, सुधीर कुमार, बृजेश कुमार, विनोद कुमार, यतीश रायजादा, राजकुमार सहित सैकड़ों कायस्थ बंधु मौजूद रहे।
रिपोर्ट-वैभव श्रीवास्तव





