जनसुनवाई में 141 शिकायतें प्राप्त, अनुपस्थित अधिकारियों का वेतन रोकने के डीएम ने दिए निर्देश

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई।डीएम राहुल पाण्डेय ने जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना। जनसुनवाई में कुल 141 शिकायतें प्राप्त हुईं।डीएम ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान डीएम ने सभी एसडीएम,बीडीओ एवं नगर पालिका के अधिकारियों की वीडियो लिंक के माध्यम से उपस्थिति ली। उपस्थिति के दौरान कुछ अधिकारियों के अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिये कि सभी अधिकारी शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित समयावधि मे जन सुनवाई अवश्य करे तथा स्थानीय स्तर पर प्राप्त समस्त शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करे।डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण न किया जाए, बल्कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट गुलाब चंद्र सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






