राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से करेंगी त्रिपुरा का दौरा
अगरतला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार से त्रिपुरा के दो दिवसीय दौरे की शुरुआत करेंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुर्मू के पूर्वाह्न 11.15 बजे के आसपास अगरतला हवाई अड्डे पर पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद वह त्रिपुरा राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की आधारशिला रखने और त्रिपुरा राज्य न्यायिक अकादमी का उद्घाटन करने के लिए पश्चिमी त्रिपुरा के नरसिंहगढ़ जिले जाएंगी।
राष्ट्रपति मुर्मू दिन में कैपिटल कॉम्प्लेक्स में एमएलए छात्रावास का उद्घाटन भी करेंगी। वह छात्रों के लिए सड़कों, स्कूलों और छात्रावास से संबंधित त्रिपुरा सरकार की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगी। मुर्मू रवींद्र सतबार्षिकी भवन से महाराजा वीरेंद्र किशोर माणिक्य संग्रहालय एवं सांस्कृतिक केंद्र और भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) अगरतला की आधारशिला भी रखेंगी।
वह शाम को अगरतला नगर निगम द्वारा टाउन हॉल में उनके सम्मान में आयोजित एक स्वागत समारोह में शिरकत करेंगी। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति अगरतला रेलवे स्टेशन तक गुवाहाटी-कोलकाता-गुवाहाटी ट्रेन के विशेष विस्तार और मणिपुर के खोंगसांग तक अगरतला-जिरिबाम-अगरतला जन शताब्दी एक्सप्रेस के विस्तार को भी हरी झंडी दिखाएंगी। अधिकारियों के मुताबिक, मुर्मू अगरतला से छह किलोमीटर दूर निश्चिंतपुर में ‘ट्रांसशिपमेंट यार्ड’ का भी उद्घाटन करेंगी।






