उपराष्ट्रपति बोले, अब हर्ष और उल्लास का विषय है उत्तर प्रदेश

मेरठ । उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि उत्तर प्रदेश पहले चिंता का विषय था, जबकि अब हर्ष और उल्लास का विषय बन गया है। भारतीय अर्थव्यवस्था में उत्तर प्रदेश का बड़ा स्थान है। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था दुरुस्त हो गई है।
मेरठ के चौधरी चरण सिंह विवि में शनिवार को अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन में मुख्य अतिथि उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने उत्तर प्रदेश की बदले स्वरूप की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे किसान का बेटा कहा, यह मेरे लिए बहुत ही गर्व की बात है। आज उसी चौधरी चरण सिंह विवि में मैं आया हूं। बदले हुए उत्तर प्रदेश को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर सराहना की। पुराने उत्तर प्रदेश को चिंता का विषय बताते हुए उन्होंने अब उत्तर प्रदेश को हर्ष और उल्लास का विषय बताया।
उन्होंने कहा कि मैं सभी पद्धतियों का सम्मान करता हूं, लेकिन सभी को आयुर्वेद अपनाना चाहिए। आज की युवा शक्ति को तय करना है कि 2047 में भारत कैसा होगा। आयुर्वेद ऐसा है, जैसे पुरानी कहावत है, गली में छोरा और गांव में ढिंढोरा। उत्तर प्रदेश की पहचान बदल रही है और भारत भी बदल रहा है। उप राष्ट्रपति ने कहा कि संसद में माइक बंद करने की बात कहना असत्य है। इमरजेंसी देश का काला अध्याय है। मोटा अनाज भारत के किसानों के लिए सार्थक साबित होगा। भारत सरकार बड़ा सोचती है और उससे ज्यादा अर्जित करती है। उन्होंने युवाओं से आयुर्वेद में शोध को बढ़ावा देने का आह्वान किया।






