खेल

प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सराहा

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की। उन्होंने अलग-अलग खेलों में भारतीय टीम की उपलब्धियों पर चर्चा की और खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सराहा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि खेल जगत से भारत के लिए कई बड़ी खुशखबरी आई हैं। भारतीय टीम ने पहली बार महिला जूनियर एशिया कप जीतकर तिरंगे की शान बढ़ाई है। इसी महीने हमारी पुरुष हॉकी टीम ने भी जूनियर एशिया कप जीता है। उन्होंने कहा कि जूनियर शूटिंग विश्व कप में भी हमारी जूनियर टीम ने कमाल कर दिया। भारतीय टीम ने इस प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया है। इस प्रतियोगिता में कुल जितने गोल्ड मेडल्स थे, उसमें से 20 प्रतिशत अकेले भारत के खाते में आए हैं। इसी जून में एशियन अंडर20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप भी हुई। इसमें, भारत, पदक तालिका में 45 देशों में टॉप तीन में रहा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में देश की इस सफलता के पीछे राष्ट्रीय स्तर पर हमारे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत होती है। आज देश के अलग-अलग राज्यों में एक नए उत्साह के साथ खेलों के आयोजन होते हैं। इनसे खिलाड़ियों को खेलने, जीतने और हार से सीखने का मौका मिलता है। अभी उत्तर प्रदेश में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन हुआ। इसमें युवाओं में खूब उत्साह और जोश देखने को मिला।

उल्लेखनीय है कि भारतीय जूनियर महिला हाॅकी टीम ने जापान के काकामीगहारा में खेले गए महिला जूनियर एशिया कप 2023 के फाइनल मुकाबले में साउथ कोरिया को 2-1 से हराकर पहली बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button