उत्तर प्रदेशबहराइच

सरयू नदी में छलांग लगाने वाली विवाहिता का शव चार दिन बाद बरामद

पुलिस ने कराया शव का पोस्टमार्टम 

जन एक्सप्रेस/संवाददाता 

बहराइच। सीतापुर मार्ग पर स्थित चहलारीघाट पुल से गुरुवार को मायके आते समय महिला ने नदी में छलांग लगा दी थी। महिला का शव रविवार सुबह बरामद हुआ। मायके और ससुराल पक्ष की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सीतापुर जनपद के थाना थानगांव क्षेत्र के ग्राम बदला निवासी आंचल (26) गुरुवार को अपने पति रवि उर्फ अरुण कुमार दीक्षित के साथ मायके आ रही थी। सीतापुर बहराइच मार्ग पर स्थित चहलारीघाट पुल से महिला ने छलांग लगा दी थी। काफी खोजबीन के बाद भी महिला का शव बरामद नहीं हुआ था।

रविवार सुबह बौंडी थाना क्षेत्र के भौंरी घाट के पास कुछ लोगों ने महिला का शव नदी में देखा। सूचना थाने पर दी। प्रभारी निरीक्षक गणनाथ प्रसाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला के शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद महिला के ससुराल और हरदी थाना क्षेत्र स्थित मायके में सूचना दी।

सभी ने महिला की पहचान की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिला का शव परिवार के लोगों ने पहचान लिया है। पहचान के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लगभग 20 किलोमीटर दूर मिला शव

बहराइच सीतापुर मार्ग पर स्थित चहलारी घाट पुल से महिला ने नदी में छलांग लगाई थी। ऐसे में थाना हरदी से लगभग 20 किलोमीटर दूर महिला का शव बरामद हुआ है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पानी अधिक होने और तेज बहाव के चलते दो थाना क्षेत्र पार कर शव बौंडी थाना क्षेत्र में आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button