दबंगों ने मजदूरों को लाठी-डंडों से पीटा,एक गंभीर रूप से घायल…

बरेली: आग जलाने के लिए दबंगों ने ईट भट्टा पर काम करने वाले मजदूर से जब पुआल मांगा तो मजदूर ने देने से इनकार कर दिया। जिसके बाद दबंगों ने मजदूरों को लाठी-डंडों से जमकर पीटा। जिसमें एक भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं घायल मजदूर के भाई ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
जिला बदायूं के थाना विनावर क्षेत्र के गांव निजामपुर निवासी फरयाज पुत्र नत्थू शाह ने बताया वह और उसका बड़ा भाई फरियाद आंवला में ग्राम वीहट में ईट भट्टा पर मजदूरी करते हैं। शनिवार की शाम उनके पास ठेकेदार रफीक के साथी रियासत निवासी भोजीपुरा अपने तीन साथियों के साथ आया और फरयाज से पुआल मांगने लगा। वहीं मना करने पर गाली-गलौज शुरू कर दी लेकिन फिर भी फरयाज ने पुआल दे दिया। लेकिन उसके बाद भी आरोपियों ने गाली देना बंद नहीं किया।
जब फरयाज के बड़े भाई फरियाद ने गाली देने से मना किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडे व फावड़े से हमला कर दिया और दोनों को जमकर पीटा। जिससे फरियाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं थाना आंवला में फरयाज की तरफ से भोजीपुरा निवासी रिहासत व उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।






