उत्तर प्रदेश

शाहजहांपुर: किसानों ने हरियाणा के सीएम का फूंका पुतला…

निगोही। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट की ओर से सोमवार को पुवायां और निगोही क्षेत्र में डब्ल्यूटीओ के विरोध में प्रदर्शन किया गया। पुवायां के सबली कटेली में किसानों ने टोल प्लाजा पर प्रदर्शन करते हुए सरकार से मांगें मानने की अपील की। इसी तरह निगोही में भी किसानों प्रदर्शन करते हुए डब्ल्यूटीओ और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का पुतला फूंका।

पुवायां में भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के जिला अध्यक्ष मनजीत सिंह धालीवाल के नेतृत्व में दिल्ली बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में राष्ट्रीय राजमार्ग मैगलगंज पूरनपुर नेशनल हाईवे पर सबली कटेली टोल प्लाजा पर भारतीय किसान यूनियन के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। जो अपराह्न 11 बजे से लेकर पूर्वाह्न तीन बजे तक चला।

 

इस दौरान पूरे समय तक थाना पुवायां और बंडा की पुलिस प्रभारी निरीक्षकों की उपस्थिति में मौजूद रही। भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष मनजीत सिंह धालीवाल की ओर से धरना प्रदर्शन के दौरान मौके पर आए उप जिलाधिकारी संजय पांडे को राष्ट्रपति को संबोधित करते हुए 7 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई है कि विश्व व्यापार संगठन के विरोध में भारतीय किसान यूनियन संयुक्त मोर्चा की तरफ से विश्व व्यापार संगठन की नीतियों का खुला विरोध किया जाता है।

 

हमारा कहना है कि भारत की कृषि को विश्व व्यापार संगठन से बाहर रखा जाए और भारत की आर्थिक सहायता की रक्षा की जाए। कॉरपोरेट समर्थक भारत सरकार को दंडित किया जाए और सभी फसलों के लिए एमएसपी व सीटू-2 प्लस 50 प्रतिशत कानूनी गारंटी के साथ खरीदा जाए। खाद्य सुरक्षा प्रणाली व किसानों की रक्षा की जाए और लखीमपुर हिंसा में मारे गए किसानों के अपराधी व धारा 120 बी के आरोपी को बर्खास्त कर तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

 

खनोरी बॉर्डर पर हरियाणा पुलिस की ओर से पंजाब की जमीन पर जाकर मारे गए किसानों की हत्या की रिपोर्ट हरियाणा सरकार और उच्च अधिकारियों पर पंजीकृत की जाए। भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष ने बताया कि मांगों को मनवाने के लिए जल्द ही पुवायां तहसील के भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता और पदाधिकारियों को साथ लेकर दिल्ली कूच करेंगे।

 

ज्ञापन देने वालों में भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष मनजीत सिंह धालीवाल और वीरेंद्र शर्मा, राकेश सिंह, मुकेश, तहसील अध्यक्ष अनिल सिंह यादव, कुलदीप सिंह, विजय प्रकाश शर्मा, कृष्णा जाटव, हरवीर सिंह यादव, कप्तान सिंह, रोशन लाल, जय सिंह, लाला सिंह, गुड्डू यादव, राम रतन, कमलेश, कौशल कुमार, बलबीर सिंह, बाबूराम गौतम, सुखविंदर सिंह आदि किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

किसानों ने निकाला ट्रैक्टर मार्च, किया प्रदर्शन
निगोही में भी किसानों ने डब्ल्यूटीओ के विरोध में ट्रैक्टर मार्च निकाल कर प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन टिकैट गुट और संयुक्त मोर्चा की ओर से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन इंस्पेक्टर निगोही को सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि भारत की कृषि को विश्व व्यापार संगठन से बाहर रखा जाए। भारत की आर्थिक स्वायत्तता की रक्षा की जाए और इसी तरह किसानों ने कुल सात बिंदुओं पर मांग पत्र इंस्पेक्टर को सौंपा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button