दो गांवों में आग लगने से 16 घर जलकर राख….

गोंडा : जिले के दो गांवों में आग लगने से 16 घर जलकर राख हो गए। इसमें लाखों रुपए की गृहस्थी व खाने पीने का सामान भी जल गया। उमरी बेगमगंज रिपोर्टर के अनुसार उमरी थाना क्षेत्र के ऐली परसौली गांव में शुक्रवार की दोपहर बाद अज्ञात चरणों से लगी आग में गांव निवासी नंदू, नत्थू, राजाराम, मंसाराम, राजेंद्र, रामेश्वर, रामदेव, सीताराम, जैकला, धनपता की पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई। लाखों रुपए नुकसान का आकलन किया गया है।
थाना अध्यक्ष संजीव वर्मा अपनी पूरी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। परसपुर संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के पयोली पूरे दक्षिण गांव में शुक्रवार को दोपहर में अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गयी। जिसमें आधा दर्जन लोगों के घर गृहस्थी के सामान कपड़े, बर्तन, अनाज, सायकिल जलकर राख हो गये। 5 बीघा गेंहू की फसल जलकर राख हो गयी।
ग्रामीणों ने पम्पिंग सेट इंजन चलाकर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना अग्निशमन पुलिस को दी। मौके पर पहुंची अग्निशमन पुलिस व ग्रामीणों के सहयोग से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। सूचना पर पहुंचे हल्का लेखपाल विनय यादव ने अग्निकांड में क्षति का आकलन किया। उन्होंने बताया कि पांच लोगों का तकरीबन एक लाख रुपये का नुकसान आकलन कर प्रशासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है।






