देश सेवा का जज्बा आज भी कायम
राष्ट्र सर्वोपरि की भावना लिए तैनात हैं जिला पूर्ति अधिकारी

जन एक्सप्रेस कौशांबी: उत्तर प्रदेश सरकार के जिला पूर्ति अधिकारी मंगेश मौर्य एक ऐसे अधिकारी हैं, जिनके दिल में आज भी देशभक्ति की लौ वैसी ही प्रज्वलित है जैसी भारतीय वायुसेना में सेवा के दौरान थी। मौर्य ने कहा, “भारत देश में रहने वाले हर व्यक्ति के लिए राष्ट्र सर्वोपरि होना चाहिए।” उन्होंने यह भी बताया कि यदि देश पर संकट आता है और सेवा का अवसर मिलता है, तो वे बिना किसी हिचकिचाहट के एक बार फिर वर्दी पहनने को तैयार हैं।
युद्ध जैसे हालात पर जताई फिर से देश सेवा की इच्छा
मंगेश मौर्य ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि एयरफोर्स में सेवाकाल के दौरान कई चुनौतियों का सामना किया, लेकिन हर परिस्थिति में राष्ट्र सर्वोपरि रहा। हाल ही में देश में बने युद्ध जैसे हालात के दौरान उन्होंने अपनी पत्नी से कहा कि अगर देश को जरूरत हो तो वे फिर से देश सेवा के लिए तैयार हैं। यह बात उनके अटूट देशप्रेम को दर्शाती है। एयरफोर्स में देश की सेवा के बाद अब वे जनता की सेवा में जुटे हैं और पूरे समर्पण के साथ जिला पूर्ति अधिकारी का दायित्व निभा रहे हैं।






