घर में संदिग्ध परिस्थितियों में धमाका,महिला सहित चार घायल
तेज धमाके के साथ गांव में मची अफरा तफरी

जन एक्सप्रेस/पीलीभीत: पूरनपुर खाली पड़े एक घर में संदिग्ध परिस्थितियों में तेज धमाके के साथ विस्फोट हुआ। इसमें एक महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज धमाके के बाद गांव में खलबली मच गई। घायलों को उपचार के लिए सीएससी में भर्ती कराकर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुड़ गई है धमाके को लेकर कई तरीके की चर्चा हो रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव जादौपुर गहलुइया के रहने वाले ताज मोहम्मद पुत्र मोहम्मद गुलाम के पड़ोस में खाली मकान पड़ा हुआ था। बुधवार दोपहर अचानक खाली पड़े मकान में तेज धमाका हुआ। पूरे घर में पीले धुएं का गुबार उठा। धमाके में ताज मोहम्मद पुत्र मोहम्मद गुलाम, वाहिद अली पुत्र अल्ताफ अली, हसीन बनो पत्नी गुलाम मोहम्मद और असलम मियां पुत्र जाकिर नूर गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके के बाद गांव में खलबली मच गई। सैकड़ों लोग उस घर में पहुंच गए। सभी घायलों को सीएचसी ले जाया गया। सूचना पर इंस्पेक्टर सतेंद्र कुमार और क्राइम इंस्पेक्टर अशोक कुमार सीएचसी पहुंचे और घटना की जानकारी ली। घायलों ने बताया कि बंद घर की साफ सफाई कर रहे थे। इस दौरान कई संदिग्ध पोटली रखी हुईं थी। उन्हें हटाते ही धमाका हुआ जिसमें सभी घायल हो गए। हालांकि गहलुइया गांव में हुए धमाके को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रहीं हैं। पुलिस गहनता से मामले की जांच पड़ताल में जुट गई हैं।






