कौशल विकास और रोजगार पर जोर, युवाओं को जापानी-जर्मन भाषा प्रशिक्षण देने के निर्देश
हल्द्वानी में कौशल विकास की समीक्षा, जापान-जर्मनी में रोजगार के लिए युवाओं को मिलेगा भाषा प्रशिक्षण

जन एक्सप्रेस / हल्द्वानी। युवाओं को रोजगार से जोड़ने और कौशल विकास कार्यक्रमों को बेहतर बनाने को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रायल की अध्यक्षता में जिला कौशल विकास एवं अप्रेन्टिसशिप समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवाओं को स्थानीय बाजार की मांग के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक प्रशिक्षण देने पर जोर दिया गया।
रोजगार से जोड़ने पर फोकस
बैठक में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के साथ युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में भी प्रभावी प्रयास किए जाएं। अप्रेन्टिसशिप योजना के तहत अधिक से अधिक उद्योगों और प्रतिष्ठानों को जोड़ने तथा प्रशिक्षित युवाओं का डेटाबेस तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही रोजगार मेलों के माध्यम से प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
जापानी-जर्मन भाषा का मिलेगा प्रशिक्षण
बैठक में जापान और जर्मनी में रोजगार की संभावनाओं को देखते हुए युवाओं को जापानी और जर्मन भाषा का व्यावसायिक प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत छह से आठ माह का भाषा प्रशिक्षण शुरू करने के निर्देश दिए गए। इस प्रशिक्षण के लिए GNM, BSc Nursing, Post Basic Nursing और इंटरमीडिएट पास युवा पात्र होंगे। निर्धारित आयु सीमा के अनुसार पुरुषों के लिए 21 से 35 वर्ष और महिलाओं के लिए 18 से 27 वर्ष रखी गई है। प्रशिक्षण के माध्यम से जापान और जर्मनी में नर्सिंग असिस्टेंट और एल्डरली केयर गिवर के क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
बर्ड वॉचिंग पर्यटन को भी बढ़ावा
बैठक में नैनीताल जिले के पंगोट, कोसी बैराज और नौकुचियाताल में बर्ड वॉचिंग पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने गाइडों को पक्षियों और उनके प्राकृतिक आवास से संबंधित वैज्ञानिक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटकों को सही और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, जिला सेवायोजन अधिकारी प्रियंका गढ़िया, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





