चिल्लीमल पंप कैनाल में पानी न होने से किसान बेहाल, अफसरों की धमकी से भड़के ग्रामीण

जन एक्सप्रेस, चित्रकूट/राजापुर: राजापुर तहसील की ग्राम पंचायत चिल्लीमल और आसपास के लगभग 12 गांवों के किसान इन दिनों गहरे संकट से जूझ रहे हैं। चिल्लीमल पंप कैनाल में एक भी बूंद पानी नहीं है, जिससे धान की नर्सरी डालने का समय निकलता जा रहा है। वरिष्ठ समाजसेवी और किसान नेता करुणेश मिश्रा ने बताया कि धान की कई किस्मों की नर्सरी जून से शुरू होती है, लेकिन सिंचाई जल न मिलने से किसान निराश और परेशान हैं। अन्ना जानवर और जंगली जीव भी प्यास से तड़प रहे हैं।
जब किसानों ने विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर समस्या के समाधान की अपील की, तो उन्हें मदद की बजाय धमकियां मिलीं। वरिष्ठ समाजसेवी सुशील मिश्रा ने जब एक्सईएन शशिकांत प्रसाद और एडीओ गुरु प्रसाद से पानी चालू कराने की मांग की, तो दोनों अधिकारी भड़क उठे। आरोप है कि उन्होंने किसानों से कहा – “मुख्यमंत्री से जाकर शिकायत कर दो, हमें हटवा दो… जो चल रहा है वही चलेगा।” यह जवाब सुनकर किसान और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। उनका कहना है कि ऐसे गैर-जिम्मेदार अधिकारियों का व्यवहार मौजूदा सरकार की छवि को धूमिल कर रहा है।
गांव के किसान देवनारायण दुबे और अन्य ग्रामीणों ने कहा कि वे लड़ने नहीं, बल्कि अपने अधिकार की बात करने आए थे। “हम सिर्फ इतना चाहते हैं कि समय से पानी मिल जाए ताकि नर्सरी डाल सकें और खरीफ की फसल तैयार हो सके,” उन्होंने कहा। किसानों का आरोप है कि अफसरशाही का नशा इन अधिकारियों पर इस कदर सवार है कि वे आमजन की बात सुनने के बजाय धमकी देते हैं। किसानों ने सरकार से अपील की है कि ऐसे अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो और सिंचाई की व्यवस्था तत्काल बहाल की जाए, जिससे क्षेत्र का अन्नदाता अपने खेतों में समय से फसल उगा सके।






