हॉट बाजार में रुम आवंटन लकी ड्रा के माध्यम से संपन्न
ठूठीबारी में 48 लाभार्थियों को मिला व्यापार के लिए स्थान, बाजार निर्माण होने से सीमावर्ती ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया आयाम

जन एक्सप्रेस/महराजगंज : निचलौल विकास खंड के ग्रामपंचायत ठूठीबारी में नवनिर्मित भारत-नेपाल मैत्री हॉट बाजार के लिए टीन शेड रुम आवंटन की प्रक्रिया शनिवार की दोपहर लकी ड्रा के माध्यम से पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। ब्लॉक अधिकारियों के देखरेख में उपरोक्त लकी ड्रा निष्पक्षता के साथ किया गया, जिससे सभी प्रतिभागियों में संतोष और उत्साह का माहौल रहा। जबकि बाजार निर्माण होने से सीमावर्ती ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नया आयाम मिलेगा।
ठूठीबारी में नवनिर्मित भारत-नेपाल मैत्री हॉट बाजार में 48 कमरे की टीन शेड के लिए कुल 254 आवेदकों ने दो सौ रुपए शुल्क के साथ स्थानीय ग्राम सचिवालय से फॉर्म खरीदा था। रुम आवंटन के लिए निविदा प्रकाशन के बाद मंगलवार की दोपहर निचलौल एडीओ पंचायत विनय पाण्डेय, जेईएमआई राजन जोशवा के देखरेख में हॉट बाजार में रुम आवंटन के लिए लकी ड्रा (सौभाग्यशाली ड्रा) के माध्यम से 60 लाभार्थियों का चयन हुआ। बताया गया कि बाजार में 25 प्रतिशत अतिरिक्त आवेदकों को वरीयता सूची में रखा। जो चयनित लाभार्थी को तीन दिन के अंदर 5000 रूपये की सिक्योरिटी फीस जमा करनी होगी। समय सीमा से भुगतान न करने पर आवंटन स्वत: रद्द हो जाएगी। ऐसी स्थिति में वरीयता सूची में शामिल 12 अतिरिक्त लाभार्थियों को मौका दिया जाएगा। हालांकि टीन शेड वाली प्रत्येक कमरे का मासिक किराया 500 रूपये निर्धारित किया गया है। जिससे छोटे व्यापारियों को उचित दर पर दुकान उपलब्ध हो सकेगी। यह पहल स्थानीय व्यापार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। लाभार्थीयो का लकी ड्रा में नाम आया तो उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा, अब हम अपना स्वयं का व्यापार शुरू कर सकेंगे। यह हमारे परिवार के लिए बड़ी राहत है।
ग्राम प्रधान अजीत कुमार ने बताया यह हॉट बाजार सीमावर्ती व्यापार को मजबूती देगा और स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करेगा। सचिव पिंटू रौनियार ने बताया कि बाजार में दुकानदारों के लिए पानी, शौचालय, सुरक्षा एवं साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस मौके पर रोजगार सेवक पवन कुमार, ग्रामीण विनोद मद्धेशिया, श्रवण निगम, नीतीश मद्धेशिया, धर्मेंद्र मद्धेशिया, शिव कुमार रौनियार, शिवशंकर कसौधन, वीरेंद्र रौनियार, बलराम रौनियार, सोनू कुमार, सहित अन्य मौजूद रहे।






