मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक संपन्न
मुख्यमंत्री के मानदंडों के अनुसार रैंकिंग में गिरावट न होने को लेकर सख्ती

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट : मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले के सभी विभागों की योजनाओं की प्रगति और प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जिन विभागों को योजना के बिंदुओं पर ए प्लस से कम अंक प्राप्त हुए हैं, वे तत्काल सुधार करें अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, जिन विभागों को ए प्लस अंक मिले हैं, वे प्रगति को निरंतर बनाए रखें।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड को निर्देश दिया कि पांच स्वीकृत परियोजनाओं में से डैशबोर्ड पर केवल चार परियोजनाएं दिखाई जा रही हैं, यह गलत फीडिंग का मामला है। इसे मुख्यालय के साथ पत्राचार और वार्ता कर शीघ्र सुधार करें।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री द्वारा नियमित रूप से सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा की जाती है और किसी भी स्थिति में जिले की रैंकिंग में गिरावट नहीं आनी चाहिए। यह जिम्मेदारी संबंधित विभागों की है कि वे इस बात को सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे स्वप्निल यादव, एनआरएलएम ओम प्रकाश, परियोजना निदेशक सच्चिदानंद प्रसाद, जिला पंचायत राज अधिकारी इंद्र नारायण सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एसके मिश्रा, अधिशासी अभियंता विद्युत दीपक सिंह, जीएमडीआईसी एस के केसरवानी, एलडीएम अनुराग शर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्रा, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी राजेंद्र कुमार, जिला उद्यान अधिकारी प्रतिभा पांडेय, सहायक निदेशक मत्स्य भानु चंद्रा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी राजदीप वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।






