डीएम ने डोमरा जर्दी बांध का किया औचक निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/महराजगंज : जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को पनियरा क्षेत्र की रोहिन नदी पर बने डोमरा जर्दी बांध का औचक निरीक्षण किया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डोमरा और औरहिया गांव में स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत की और बांध की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता राजीव कपिल को स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ से पूर्व सभी निर्माण और मरम्मत कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने लक्ष्मीपुर स्थित बाढ़ चौकी का भी जायजा लिया। वहां पर उन्होंने कानूनगो से नावों, गोताखोरों एवं अन्य आपदा राहत संसाधनों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली और इन्हें समय पर मुहैया कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने लाइफ जैकेट, एयर ट्यूब और बाढ़ बचाव सामग्री का भी अवलोकन किया। डोमरा गांव में उन्होंने स्थानीय महिला रेखा देवी से बांध की स्थिति के बारे में जानकारी ली, जिस पर रेखा देवी ने बताया कि बंधा सुरक्षित और मजबूत स्थिति में है। इसके बाद डीएम ने औरहिया, हरखपुरा व नरकटहां तक बांध का निरीक्षण किया और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता राजीव कपिल, सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार पटेल, जूनियर इंजीनियर कृष्ण कुमार मिश्र, रवि कुमार, प्रदीप कुमार, मेट राम अचल, एसडीएम सदर रमेश कुमार तथा अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।






