किसान नेताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा

जन एक्सप्रेस/बलरामपुर : जनपद बलरामपुर में भारतीय किसान यूनियन भदोरिया गुट के नेताओं ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर जिला अधिकारी प्रदीप कुमार को सौंपा। जानकारी के अनुसार 24 जून को मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित ज्ञापन द्वारा जिलाधिकारी बलरामपुर के माध्यम से भारतीय किसान यूनियन भदौरिया द्वारा जनपद बलरामपुर के किसानों की समस्याओं से संबंधित मांग पत्र सौंपा। यूनियन के पूर्वांचल प्रभारी प्रदेश महासचिव शशि भूषण शुक्ला क्रांति ने बताया कि प्रमुख मांगों में किसानों का बकाया विद्युत बिल माफ किया जाए, सभी विभागों के पेंशन गांव-गांव में कैम्प लगाकर दिए जाएं, किसानों के समस्त बकाया कर्ज माफ किया जाए, एस एस बी यानि सशस्त्र सीमा बल के लिए अधिग्रहित की गई जमीनों का कुछ किसानों का पैसा अभी तक नहीं मिला है जिसे तत्काल दिलाया जाए, किसानों का बकाया गन्ना मूल्य अविलंब भुगतान कराया जाए, ग्राम पंचायतों में व्याप्त व्यापक भ्रष्टाचार की प्रदेश स्तर पर तकनीकी टीम का गठन कर जांच कराया जाए, सरयू नह प्रथम चितौडगढ़ बांध व सिंचाई विभाग द्वारा कराए गए समस्त कार्यों कि उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा पुलिस विभाग को निर्देशित किया जाय कि किसानों गरीबों के साथ पुलिस सम्मानजनक व्यवहार करने की मांग प्रमुख है । इस अवसर पर मग्नू, वीपत, बाबूलाल, अमर अली, रोज अली, मोहम्मद उमर, शमीम खान, राजू, सुहेल व हजरत अली सहित अन्य कई कार्यकर्ता शामिल थे ।






