अपना दल में अंदरूनी सियासत गरमाई: कार्यकारी अध्यक्ष आशीष पटेल का कद घटा

जन एक्सप्रेस लखनऊ:अपना दल (एस) में संगठनात्मक फेरबदल के तहत पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने नई सूची जारी की है, जिसमें यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल को कार्यकारी अध्यक्ष पद से हटाकर उपाध्यक्ष बनाया गया है। यह बदलाव पार्टी की सत्ता संरचना में बड़ा संकेत माना जा रहा है, क्योंकि अब पार्टी में उनका स्थान तीसरे नंबर पर हो गया है। इस नई सूची में आशीष पटेल के ऊपर माता बदल तिवारी को स्थान दिया गया है, जो अब पार्टी में नंबर दो की भूमिका निभाएंगे।
गौरतलब है कि यह बदलाव ऐसे वक्त में हुआ है जब महज दो दिन पहले पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए बगावत का बिगुल फूंका था। इन नेताओं ने पार्टी में पारदर्शिता की कमी और मनमानी का आरोप लगाया था। माना जा रहा है कि इन बगावती सुरों और अंदरूनी कलह के दबाव में यह संगठनात्मक फेरबदल किया गया है ताकि पार्टी की पकड़ मजबूत की जा सके।
राजनीतिक रूप से दिलचस्प बात यह भी है कि आशीष पटेल, जो यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं, अनुप्रिया पटेल के पति भी हैं। ऐसे में दंपति के बीच पार्टी में बढ़ते अंतर की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। अनुप्रिया पटेल जहां केंद्रीय मंत्री और पार्टी की शीर्ष नेता हैं, वहीं अब आशीष पटेल का कद कम करना इस बात का संकेत है कि पार्टी में सब कुछ सामान्य नहीं चल रहा है। आने वाले दिनों में इस बदलाव का असर यूपी की सियासत पर भी देखने को मिल सकता है।






