हरियाली से खुशहाली : वृक्ष हैं तो जहान है, वरना पृथ्वी वीरान है

जन एक्सप्रेस चित्रकूट (सचिन वंदन): चित्रकूट जिले के अलग-अलग स्थानों पर बुधवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम पर विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान में जनप्रतिनिधि व विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। उत्तर प्रदेश में 37 करोड़ वृक्षारोपण पर्व के अवसर पर बुधवार को मारकुंडी वन परिक्षेत्र भाग -2 के तुलसी वॉटरफॉल में उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए एमएलसी और विधायकों ने वृक्षारोपण महा अभियान में सहभागिता कर पौधरोपण किया। तुलसी जल प्रपात परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंचायती राज समिति उ० प्र० विधानसभा के सभापति विधायक लोकेन्द्र प्रताप सिंह, विशिष्ट अतिथि पंचायती राज समिति उ०प्र० विधानसभा देवेन्द्र कुमार, राज प्रासाद उपाध्याय,डा. मुकेश चंद्र वर्मा, राम अचल राजभर, संजीव दिवाकर, रमेश चंद्र मिश्रा,सुरेंद्र चौरसिया व एमएलसी अनूप कुमार गुप्ता,अति विशिष्ट अतिथि मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी व उपजिलाधिकारी मानिकपुर मोहम्मद जसीम ने नीम,बरगद पीपल,पाकड़,महुआ आदि का वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंचायती राज समिति उ० प्र० विधानसभा के सभापति लोकेन्द्र प्रताप सिंह ने वृक्ष का जीवन में महत्व बताते हुए लोगों को ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। कहा वृक्ष है तो जहान है, वरना पृथ्वी वीरान है।
समूचे जिले में चलाया जा रहा वृक्षारोपण महा अभियान
वृक्षारोपण महा अभियान के तहत जिले के सभी ब्लाकों में सार्वजनिक स्थालो, सड़क किनारे, सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और तालाबों के आसपास पौधे लगाए गए। इनमें आम, नीम, अमरूद, जामुन, पीपल, बरगद, सागौन और शीशम के पौधे शामिल रहे। पौधों की सुरक्षा के लिए कई जगहों पर ट्री-गार्ड भी लगाए गए।
रेंजर की लगन और प्रयास सराहनीय
बेहद कर्मठ क्षेत्रीय वनाधिकारी मारकुंडी मो. नदीम का प्रयास काबिलेतारीफ है। उनके अथक प्रयासों से जहां पौधारोपण को गति मिल रही है वहीं लोगों को पौध वितरित कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। उनकी मेहनत और लगन की हर कोई सराहना कर रहा है।जंगल को हराभरा बनाने लगातार प्रयासरत हैं। वार्यावरण विद रामसेवक का कहना है कि ऐसे प्रयास से ही जंगल को हरारभरा बनाया जा सकता है। ऐसे मेहनतकश अधिकारी से हम सबको सीख लेने की आवश्यकता है। हम सबको मिलकर संयुक्त प्रयास करना चाहिए।
राज्य मंत्री ने उमरी गांव में किया वृक्षारोपण
मानिकपुर वन परिक्षेत्र के उमरी में उत्तर प्रदेश महिला कल्याण की अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री कमलावती सिंह की अध्यक्षता में वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान अजीत कुमार मंडलायुक्त चित्रकूटधाम, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन,मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अमृतपाल कौर जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव,पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह,प्रभागीय वनाधिकारी प्रत्युष कुमार कटियार, अध्यक्ष कोऑपरेटिव बैंक पंकज अग्रवाल, पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख मानिकपुर अरविंद कुमार मिश्रा ने मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधारोपण किया। इस अभियान के अंतर्गत जिले भर में 74 लाख पौधा रोपण का लक्ष्य निर्धारित है।






