नाबालिग छात्रा के अपहरण मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/महराजगंज : पनियरा में एक नाबालिग छात्रा के अपहरण के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा को सोमवार को विद्यालय से घर लौटते समय बाइक सवार युवकों ने जबरन अगवा कर लिया था। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह घटना सोमवार शाम को नगर पंचायत पनियरा स्थित एक विद्यालय से पढ़कर साइकिल से घर लौट रही एक नाबालिग छात्रा के साथ हुई। पनियरा-रजौड़ा नहर मार्ग पर एक बगीचे के पास सुनसान जगह का फायदा उठाकर पहले से घात लगाए बैठे युवकों ने छात्रा को जबरन अपनी बाइक पर बिठाकर भगा दिया। कुछ अन्य छात्राओं ने अपहरण होते देखा और तत्काल इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पनियरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा जब विद्यालय से घर लौट रही थी, तब एक बाइक पर तीन युवक सवार थे। उनमें से एक युवक वहीं उतर गया, जबकि दो युवक छात्रा को लेकर भागने लगे। आरोपियों ने पहले छात्रा को जंगल में इधर-उधर घुमाया। जब उनकी बाइक में पेट्रोल कम हो गया, तो वे गांगी बाजार स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने लगे। इसी दौरान छात्रा ने मौका पाकर वहां से भागकर एक मकान में छिप गई और अपनी मां को फोन कर घटना की सूचना दी। अपहरण मामले को लेकर पुलिस पहले से ही सक्रिय थी और कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई, लेकिन अपहरणकर्ता फरार होने में सफल हो गए। पनियरा थाना प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस चेकिंग के दौरान बेलटिकरा जंगल के पास एक ईंट भट्ठे के पास कुछ संदिग्ध युवक दिखे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो वे भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान दीपक, वकील और अरुण निवासी रजौड़ा खुर्द के रूप में बताई। ये सभी मुकदमा अपराध संख्या 301/2025 बीएनएनएस की धारा 3(5), 137(2), 87, 74 व 9/10 पॉक्सो एक्ट में वांछित थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक रमेश चंद्र चौधरी, कांस्टेबल शैलेंद्र गौड़, प्रतीक पांडेय और दिग्विजय नाथ तिवारी शामिल रहे।






