गौशाला में नहीं मिलीं गायें, भड़की एडीएम रिजवाना शाहिद
बीडीओ, सचिव और प्रधान को लगाई फटकार | सड़कों पर मिलीं बेसहारा गायें | लापरवाही पर होगी कड़ी कार्यवाही

जन एक्सप्रेस हमीरपुर (सैय्यद जावेद अख्तर): उत्तर प्रदेश सरकार जहाँ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बेसहारा और अन्ना गायों की देखभाल को लेकर पूरी तरह गंभीर है, वहीं ज़मीनी स्तर पर जिम्मेदार अधिकारी इस दिशा में घोर लापरवाही बरतते नज़र आ रहे हैं।सुमेरपुर ब्लॉक के पारा गांव में अचानक निरीक्षण करने पहुंचीं तेजतर्रार एडीएम रिजवाना शाहिद तब हैरान रह गईं जब गौशाला में एक भी गाय मौजूद नहीं मिली। निरीक्षण के दौरान मौके पर मिली लापरवाही ने उन्हें नाराज कर दिया।
स्थानीय लोगों ने खोली पोल, सड़ा-गला भूसा खिलाया जा रहा गायों को
गांव के आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि गौशाला में गायों को ठीक से चारा तक नहीं दिया जाता, जो दिया जाता है वह भी पुराना और सड़ा हुआ भूसा होता है। ग्रामीणों ने सचिव, बीडीओ और प्रधान की कार्यशैली पर सवाल उठाए और सीधे शिकायत एडीएम से की।
सड़कों पर बैठी मिलीं दर्जनों गायें, हादसों का भी खतरा
निरीक्षण के दौरान पारा गांव में स्टेट हाईवे के किनारे दर्जनों गायें बैठी मिलीं, जिससे सड़क हादसों का खतरा बढ़ रहा है। जबकि जिलाधिकारी घनश्याम मीना के स्पष्ट निर्देश हैं कि कोई भी बेसहारा गाय सड़क पर न दिखे।
एडीएम ने दिए सख्त कार्यवाही के संकेत
गौशाला की दुर्दशा और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए एडीएम ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। अब देखना होगा कि शासन और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।






