शिक्षक को हटाए जाने पर छात्रों का फूटा गुस्सा
स्कूल बस और प्रिंसिपल की कार में जमकर तोड़फोड़, पुलिस प्रशासन के मान मनौवल के बाद किसी तरह शांत हुआ मामला

जन एक्सप्रेस/महराजगंज : सिसवा के चोखराज तुलस्यान सरस्वती विद्या मंदिर इंटरमीडिएट कॉलेज में बृहस्पतिवार को हंगामा हो गया। प्रबंध तंत्र की ओर से भौतिक विज्ञान के शिक्षक को स्कूल से निकाले जाने की सूचना पर छात्र आक्रोशित हो गए। छात्रों ने प्रिंसिपल कार्यालय, स्कूल बस व प्रिंसिपल की कार में जमकर तोड़फोड़ किया। एक घंटे बाद पुलिस के समझाने के बाद मामला किसी तरह शांत हुआ। बताया गया कि विद्यालय के प्रबंधन द्वारा भौतिक विज्ञान के शिक्षक नंदन सिंह को स्कूल से हटाए जाने की सूचना प्रसारित की गई। इस सूचना पर छात्र भड़क गए। छात्र क्लासरूम से बाहर निकल आए। छात्रों ने पहले स्कूल बस में तोड़ फोड़ करते हुए, प्रिंसिपल कक्ष में तोड़फोड़ करने के एक कार को भी तोड़ने लगे।
विद्यालय की सूचना पर कोठीभार थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह व सिसवा चौकी प्रभारी उमाकांत सरोज मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने छात्रों को काफी समझाने का प्रयास किया। लेकिन छात्र मानने को तैयार नहीं थे। छात्र स्कूल के मैदान में प्रिंसिपल की तानाशाही नहीं चलेगी, प्रिंसिपल मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। छात्रों का कहना था कि प्रिंसिपल द्वारा सबसे बेहतर विज्ञान के शिक्षक को हटाकर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। पुलिस के काफी मान मनौवल के बाद छात्र थोड़ा शांत हुए। लेकिन उनका गुस्सा घण्टों तक जारी रही। प्रिंसिपल शिवाजी सिंह का कहना है कि शिक्षक को हटाए जाने का निर्णय प्रबंध तंत्र की ओर से लिया गया था। समाचार लिखे जाने तक विद्यालय के प्रिंसिपल व पुलिस प्रशासन शिक्षक नंदन सिंह के साथ बैठकर मामले की समाधान का प्रयास करने में लग गए। इस संबंध में कोठीभार थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि छात्रों को समझाकर मामले को शांत करा दिया गया है।






