जौनपुर: परावगंज बाजार में बिना डिग्री फर्जी क्लीनिक का खुला खेल!

जन एक्सप्रेस/जौनपुर : जिले के परावगंज बाजार में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही और झोलाछाप डॉक्टरों की मनमानी एक बार फिर सुर्खियों में है। यहां एक फर्जी क्लीनिक खुलेआम संचालित हो रहा है, जहां बिना किसी डिग्री और मेडिकल रजिस्ट्रेशन के व्यक्ति मासूम बच्चों का इलाज कर रहा है। इस क्लीनिक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो से खुली पोल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि बिना किसी चिकित्सकीय योग्यता के एक व्यक्ति छोटे बच्चों को दवाइयां दे रहा है। न कोई बोर्ड, न ही रजिस्ट्रेशन नंबर — फिर भी खुलेआम ‘क्लीनिक’ चल रहा है, वो भी बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में।
कानून की खुली अवहेलना
स्वास्थ्य नियमों के अनुसार बिना मान्यता प्राप्त डिग्री और पंजीकरण के कोई भी व्यक्ति चिकित्सा सेवा नहीं दे सकता। यह न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि मानव जीवन के साथ सीधा खिलवाड़ है। खासकर जब मरीज छोटे बच्चे हों, तो खतरा और भी गंभीर हो जाता है।






