उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़

पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली, दूसरा गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस, ब्यूरो प्रतापगढ़:  नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चिलबिला के समीप जंगल में रेलवे ट्रैक के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान एक अंतर्जनपदीय अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को मौके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने पर बुधवार देर रात शहर कोतवाल नीरज यादव ने टीम के साथ चिलबिला रेलवे ट्रैक के पास जंगल में छिपकर किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे बदमाशों को घेर लिया। इस पर बदमाश पुलिस पर फायर करने लगे। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में अंतर्जनपदीय अपराधी मो. शोएब के दाहिने पैर में गोली लगी और वह गिर गया। वहीं दूसरा अपराधी मो. मारुफ उर्फ निखिल भी मौके से पकड़ लिया गया। गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाश प्रतापगढ़ जिले के ही रहने वाले हैं। मो. शोएब कन्धई थाना क्षेत्र के ताला गांव का निवासी है व मो. मारुफ उर्फ निखिल नगर कोतवाली के सदर बाजार का रहने वाला है। घायल शोएब को राजा प्रताप बहादुर अस्पताल लाया गया। पुलिस ने अपराधियों के कब्जे से दो तमंचे, दो कारतूस और दो खोखा बरामद किया है। मो. शोएब पर प्रतापगढ़, सुलतानपुर और चित्रकूट में लूट, चोरी, हत्या का प्रयास, गैंग्सटर और आर्म्स एक्ट के तहत आधा दर्जन मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button