स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण और सम्मान समारोह के साथ वृक्षारोपण अभियान को मिली नई गति
मानिकपुर द्वितीय रेंज में क्षेत्रीय वनाधिकारी ने किया ध्वजारोहण, वनकर्मियों को किया सम्मानित

जन एक्सप्रेस चित्रकूट:मानिकपुर द्वितीय रेंज अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। क्षेत्रीय वनाधिकारी राजेश कुमार द्वारा ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर रेंज कार्यालय में समस्त अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के पश्चात देशभक्ति गीतों के बीच उपस्थितजनों ने राष्ट्र के प्रति अपनी आस्था और सेवा भावना को दोहराया।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में वन विभाग द्वारा चलाए जा रहे वृक्षारोपण महा अभियान को भी विशेष रूप से रेखांकित किया गया। उमरी वन ब्लॉक में दिनांक 09 जुलाई 2025 को आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पहचान मिली। इस अभियान में क्षेत्रीय वनाधिकारी ने बताया कि वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह भावी पीढ़ी के लिए एक स्वच्छ और हरित भविष्य की नींव भी है।
कार्यक्रम में उमरी ब्लॉक में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वन दरोगा रामपाल, न्यू.वे. श्रवण कुमार एवं सुरक्षा श्रमिक कल्लू को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। राजेश कुमार द्वारा तीनों कर्मठ कर्मचारियों को आंगवस्त्र देकर उनकी सेवा भावना और मेहनत की सराहना की गई। समारोह का समापन सभी कर्मचारियों के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ कि वे भविष्य में भी पर्यावरण एवं वन संपदा के संरक्षण हेतु अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करेंगे।





