उत्तर प्रदेशहमीरपुर

तमंचे के बल पर लूट: तीन बाइक सवार बदमाशों ने युवक से की लूटपाट

गांव लौट रहे युवक से लूटी बाइक, मोबाइल व नकदी; बिवांर थाना क्षेत्र की घटना

हमीरपुर, जन एक्सप्रेस।बिवांर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। शुक्रवार की देर शाम तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को तमंचे के बल पर रोककर उसके साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने युवक से बाइक, मोबाइल फोन और 2200 रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए।पीड़ित युवक हर्षित तिवारी पुत्र पुष्पेन्द्र तिवारी, निवासी ग्राम उमरी, ने बिवांर थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि वह बिवांर से अपने गांव उमरी लौट रहा था, तभी रास्ते में एक अन्य बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसे ओवरटेक कर रोका। आरोपियों ने तमंचा दिखाकर उसकी बाइक की चाबी छीनी, 2200 रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिए और फरार हो गए।सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौदहा सर्किल की सीओ विनीता ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा संख्या 195/2025, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हुई हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।पुलिस की सक्रियता पर सवाल लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और वे रात के समय यात्रा करने से कतराने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button