उत्तर प्रदेशलखनऊ

यूपी में ‘जीरो पावर्टी अभियान’ के लिए राज्य स्तरीय शासी निकाय गठित

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में शासी निकाय, प्रमुख सचिव नियोजन की अध्यक्षता में संचालन समिति का गठन

जन एक्सप्रेस, लखनऊ।उत्तर प्रदेश सरकार ने गरीबी उन्मूलन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए ‘जीरो पावर्टी-उत्तर प्रदेश अभियान’ के सफल क्रियान्वयन हेतु राज्य स्तरीय शासी निकाय तथा संचालन समिति का गठन कर दिया है। इस अभियान का उद्देश्य है कि प्रदेश में गरीबी को जड़ से समाप्त कर एक “शून्य गरीबी” स्थिति की ओर राज्य को अग्रसर किया जाए।शासी निकाय की अध्यक्षता मुख्य सचिव एस.पी. गोयल करेंगे, जबकि सदस्य सचिव की भूमिका प्रमुख सचिव नियोजन निभाएंगे। इसमें 16 प्रमुख विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिवों को सदस्य बनाया गया है, जिसमें ग्राम्य विकास, खाद्य एवं रसद, समाज कल्याण, शिक्षा, महिला एवं बाल कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, एमएसएमई, आईटी व अन्य विभाग शामिल हैं।साथ ही, संचालन समिति का गठन प्रमुख सचिव नियोजन की अध्यक्षता में किया गया है, जिसमें 19 वरिष्ठ अधिकारी बतौर सदस्य नियुक्त किए गए हैं। संचालन समिति अभियान की प्रोजेक्ट प्लानिंग, मॉनीटरिंग, फीडबैक और जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी करेगी।

फोकस में होंगे पंचायतों के निर्धनतम परिवार

अभियान के अंतर्गत हर ग्राम पंचायत में 10 से 25 निर्धनतम परिवारों की पहचान की जाएगी। इन परिवारों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का समुचित लाभ दिलाकर आर्थिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी जीवन-स्तर में सुधार लाया जाएगा।इसके लिए डिजिटल डेटाबेस तैयार किया जाएगा, जिसमें ‘एक परिवार-एक पहचान’ योजना के अंतर्गत फैमिली आईडी का उपयोग कर लाभार्थियों की सूची निर्धारित की जाएगी। यह बहुआयामी डेटा निर्धन परिवारों की वास्तविक जरूरतों की पहचान में सहायक होगा। इस पहल के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार राज्य को गरीबी-मुक्त बनाने के अपने संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button