कांवड़ यात्रा पर भड़काऊ बयान देने वाले ASP नेता पर मुकदमा!
वायरल ऑडियो में "कांवड़ियों पर ट्रक चढ़वाने" की बात से मचा बवाल, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

जन एक्सप्रेस हाथरस |आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिलाध्यक्ष प्रकाश चंद्र गौतम एक विवादित बयान को लेकर कानून के शिकंजे में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक ऑडियो क्लिप में गौतम को कथित रूप से यह कहते सुना गया:2027 में हमारी सरकार बनेगी तब 4-6 ट्रक चढ़वा देंगे कांवड़ियों पर, फिर बंद हो जाएगी यात्रा।इस भड़काऊ और आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर सनातन संगठनों और हिंदू समाज में जबरदस्त आक्रोश फैल गया है। कई संगठनों ने इसे धार्मिक भावनाओं पर सीधा हमला बताया है।
स्वतः संज्ञान लेकर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
हाथरस पुलिस ने इस वायरल ऑडियो का संज्ञान लेते हुए प्रकाश चंद्र गौतम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, धार्मिक भावना भड़काने और अशांति फैलाने के आरोपों में मामला पंजीकृत किया गया है।
जांच में जुटी पुलिस, बयान की सत्यता की हो रही पुष्टि
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि वायरल ऑडियो असली है या एडिटेड। साथ ही, गौतम से पूछताछ की तैयारी चल रही है। डिजिटल फोरेंसिक टीम को ऑडियो की तकनीकी जांच के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदू संगठनों की चेतावनी — “बयानकर्ता पर हो सख्त कार्रवाई”
विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित कई संगठनों ने प्रशासन को कड़ा ज्ञापन सौंपा है और चेताया है कि अगर आरोपी पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो जिला स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।






