अवैध असलहा तस्कर पुलिस की गिरफ्त में, भारी मात्रा में हथियार बरामद
कोहड़ौर पुलिस ने धरौली मधुपुर में मारा था छापा, एक पिस्टल, दो तमंचे, रिवॉल्वर व कारतूस सहित दबोचा गया आरोपी

प्रतापगढ़ जन एक्सप्रेस ब्यूरो:कोहड़ौर पुलिस ने सोमवार देर रात बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक शातिर तस्कर को धर दबोचा। यह गिरफ्तारी थाना क्षेत्र के अर्धनिर्मित टोल प्लाज़ा, धरौली मधुपुर के समीप की गई। पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल, दो देसी तमंचे, एक रिवॉल्वर और कारतूस बरामद किए हैं।
पैदल चलकर करता था तस्करी, शक से बचने की थी तरकीब
गिरफ्तार अभियुक्त रविंद्र कुमार मिश्रा से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आईं। उसने कबूल किया कि सभी असलहे अवैध हैं और वह इन्हें बेचने के इरादे से प्रतापगढ़ लाया था। आरोपी ने बताया, “मैं जानबूझकर पैदल चलता हूं ताकि लोग मुझे आम राहगीर समझें और शक न करें। आज असलहे मरम्मत कराकर वापस लौट रहा था कि पुलिस ने पकड़ लिया।”
कड़ी पूछताछ के बाद जेल भेजा गया आरोपी
कोहड़ौर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक पूछताछ के बाद मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस इस मामले में अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का संपर्क किन गिरोहों से है और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं। इस पूरी कार्रवाई को कोहड़ौर थाना प्रभारी की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। अवैध हथियारों की तस्करी पर लगाम कसने के लिए जिले में चेकिंग अभियान और तेज किया गया है।






