बसपा की अहम बैठक आज — मुस्लिम समाज भाईचारा संगठन के साथ नए समीकरण साधने की तैयारी
मायावती करेंगी अध्यक्षता, पुराने फार्मूलों को नए सियासी संतुलन के साथ जोड़ने की रणनीति पर मंथन

जन एक्सप्रेस, लखनऊ।बहुजन समाज पार्टी (बसपा) आज एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक करने जा रही है। इस बैठक की अध्यक्षता बसपा सुप्रीमो मायावती स्वयं करेंगी। बैठक सुबह 11 बजे पार्टी के लखनऊ स्थित बीएसपी कार्यालय में आयोजित की जाएगी, जिसमें मुस्लिम समाज भाईचारा संगठन के पदाधिकारी और प्रमुख कार्यकर्ता शामिल होंगे।सूत्रों के अनुसार, बैठक में आगामी चुनावों को देखते हुए नए सामाजिक और सियासी समीकरणों पर गहन चर्चा की जाएगी। पार्टी नेतृत्व का फोकस मुस्लिम समाज को संगठन से और मजबूती से जोड़ने पर रहेगा।बताया जा रहा है कि मायावती इस दौरान पुराने संगठनात्मक फार्मूलों को नए स्वरूप में लागू करने की रणनीति भी पेश करेंगी, ताकि दलित-मुस्लिम एकता के जरिए “बहुजन समीकरण” को फिर से मजबूत किया जा सके।बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, भाईचारा समितियों के प्रतिनिधि और प्रकोष्ठों के प्रभारी शामिल रहेंगे। राजनीतिक गलियारों में इसे बसपा के सियासी रीलॉन्च की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।






