जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया यातायात माह का शुभारंभ
बस स्टैंड कर्वी से निकली रैली, स्कूली बच्चों और एनसीसी कैडेट्स ने किया सहभाग

जन एक्सप्रेस चित्रकूट। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशानुसार हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नवंबर माह को “यातायात माह” के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बस स्टैंड कर्वी से यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसके साथ ही जिले में यातायात माह-नवंबर 2025 का शुभारंभ किया गया।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, पूर्व सांसद आर.के. पटेल और पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र भी मौजूद रहे। अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने रैली को रवाना करते हुए लोगों से ट्रैफिक नियमों के पालन की अपील की।जिलाधिकारी ने कहा कि वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाना, गति पर नियंत्रण रखना और ट्रैफिक नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने अभिभावकों से अनुरोध किया कि जब तक बच्चों का पूर्ण ड्राइविंग लाइसेंस न बन जाए, तब तक उन्हें वाहन न दें।जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने चित्रकूट इंटर कॉलेज कर्वी, जे.एम. पब्लिक इंटर कॉलेज, तथा गोपालदास निर्मला देवी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज के बच्चों को यातायात ब्रांड एंबेसडर घोषित किया। बच्चों ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर संदेश दिए और ट्रैफिक नियमों के पालन का संकल्प लिया।रैली बस स्टैंड कर्वी से शुरू होकर धनुष चौराहा, पटेल तिराहा, एलआईसी तिराहा, भगवानदीन चौराहा, घुस मैदान, पुरानी कोतवाली, कालीदेवी चौराहा होते हुए बस स्टैंड कर्वी पर समाप्त हुई।
रैली में दिए गए मुख्य संदेश
1. दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें।
2. शराब पीकर वाहन न चलाएं।
3. कार चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य लगाएं।
4. वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें।
5. ट्रैफिक नियमों का पालन स्वयं करें और दूसरों को भी प्रेरित करें।
6. सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने में संकोच न करें।
रैली में यातायात पुलिस, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली बच्चों, और सामाजिक संस्थाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सत्यपाल सिंह, कोऑपरेटिव बैंक चित्रकूट-बांदा अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, नगर पालिका परिषद कर्वी अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, समाजसेवी केशव शिवहरे, क्षेत्राधिकारी कार्यालय/यातायात यामीन अहमद, क्षेत्राधिकारी नगर अरविन्द कुमार वर्मा, निरीक्षक अपराध कोतवाली कर्वी सविता श्रीवास्तव, यातायात प्रभारी शैलेन्द्र सिंह, पीआरओ प्रदीप पाल सहित यातायात पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।






