फ्लैटों की बिक्री पर LDA की बड़ी सख्ती — अब 25 साल तक नहीं बिकेंगे ईडब्ल्यूएस फ्लैट
जरूरतमंदों को सस्ती दरों पर मिला अपना आशियाना, अब नहीं हो सकेगी कालाबाजारी — रजिस्ट्री में दर्ज की गई बिक्री रोक की शर्त, नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई

जन एक्सप्रेस लखनऊ। मुख्तार अंसारी के कब्जे से मुक्त कराई गई कीमती जमीन पर जरूरतमंदों के लिए बने ईडब्ल्यूएस फ्लैट अब किसी बिचौलिये के कब्जे में नहीं जाएंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने इन फ्लैटों की बिक्री पर बड़ा फैसला लेते हुए 25 साल तक इनके ट्रांसफर या बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।फ्लैट की रजिस्ट्री में ही बिक्री रोक की शर्त दर्ज की गई है, ताकि कोई भी आवंटी या तीसरा पक्ष भविष्य में इन फ्लैटों की खरीद-फरोख्त न कर सके। नियम तोड़ने की स्थिति में LDA ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। इस संबंध में रजिस्ट्री विभाग को भी पत्र भेजा जाएगा ताकि किसी तरह की अवैध डीलिंग पर तत्काल रोक लग सके।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर एलडीए ने इस बहुमूल्य भूमि को कब्जामुक्त कर गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए नया जीवन देने का काम किया था। करीब ₹10 लाख की कीमत में इन फ्लैटों को आवंटित कर सरकार ने गरीबों के सपनों को साकार किया।LDA अधिकारियों का कहना है कि 25 साल की बिक्री रोक से कालाबाजारी और बिचौलियों की दखल पर पूरी तरह लगाम लगेगी, जिससे वास्तविक पात्र लाभार्थियों को लंबे समय तक आवास की सुरक्षा और स्वामित्व का अधिकार मिल सकेगा।






