हाथरस में बड़ा हादसा: एलपीजी सिलेंडर से भरा ट्रक हाइवे पर पलटा, मची अफरातफरी
हुसैनपुर गांव के पास हादसे के बाद हाईवे पर घंटों रुका यातायात, फायर ब्रिगेड ने 2 किलोमीटर तक किया अलर्ट जारी

जन एक्सप्रेस हाथरस। थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के हुसैनपुर गांव के पास गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब एलपीजी गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। हादसे के बाद सैकड़ों गैस सिलेंडर सड़क पर बिखर गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, थाना पुलिस और हाइवे इमरजेंसी टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस ने तुरंत हाईवे को ब्लॉक कर राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। फायर ब्रिगेड ने गैस रिसाव की आशंका को देखते हुए करीब 2 किलोमीटर के दायरे में अलर्ट जारी कर दिया और लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की।हादसे की वजह ट्रक चालक को नींद आना बताई जा रही है, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रक में आग नहीं लगी और एक बड़ा हादसा टल गया।फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से घंटों चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी सिलेंडरों को सुरक्षित दूसरे ट्रक में रखवाया। हाईवे से सिलेंडर हटाए जाने के बाद आवागमन बहाल किया गया और लोगों ने राहत की सांस ली।






