उत्तर प्रदेशगोंडा

गोंडा राजमार्ग पर हादसे को दावत दे रहे बड़े गड्ढे! जिम्मेदार बेखबर

जन एक्सप्रेस कर्नलगंज,गोण्डा। लखनऊ–गोंडा राजमार्ग पर कर्नलगंज बसस्टॉप और सकरौरा चौराहे के पास सड़क पर बने दो बड़े गड्ढे आम राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन गए हैं। यह मार्ग न केवल गोंडा जनपद को राजधानी लखनऊ से जोड़ता है, बल्कि व्यापारिक और दैनिक आवागमन के लिहाज से भी बेहद व्यस्त माना जाता है। ऐसे में इन गड्ढों की वजह से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बीते कई सप्ताह से सड़क की यह स्थिति बनी हुई है। तेज रफ्तार वाहनों के गुजरने के दौरान अचानक सामने आए गड्ढे से नियंत्रण बिगड़ जाता है। कई बार बाइक सवार फिसल चुके हैं और छोटे-मोटे हादसे हो चुके हैं, लेकिन सौभाग्य से अभी तक कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इनकी मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।

प्रशासनिक उदासीनता पर उठे सवाल

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कई बार सड़क की खराब हालत की सूचना लोक निर्माण विभाग (PWD) व संबंधित अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। सड़क पर पानी भर जाने के बाद गड्ढे और गहरे हो जाते हैं, जिससे रात में गुजरने वाले वाहनों के लिए यह और भी खतरनाक साबित होते हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने भी इस गंभीर समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया। नगर के बीचोंबीच ऐसी हालत होना विकास कार्यों की पोल खोलता है। स्थानीय निवासियों की मांग राहगीरों व व्यापारियों ने जिलाधिकारी गोण्डा और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से तत्काल संज्ञान लेकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह मार्ग न केवल स्थानीय बल्कि बाहरी यात्रियों के लिए भी जीवनरेखा जैसा है, ऐसे में यहां की सुरक्षा और सुगमता प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button