जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की मांग पर प्रदर्शन
बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर समाजसेवी विनोद केसरवानी के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने निकाला मार्च

जन एक्सप्रेस चित्रकूट।(हेमनारायण हेमू): जिले में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को लेकर गुरुवार को समाजसेवी विनोद केसरवानी ‘प्रिंस’ के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। शहरभर में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की दुर्दशा को उजागर करते हुए जगह-जगह पोस्टर लगाए गए। इसके बाद सैकड़ों समर्थकों के साथ रैली निकालते हुए प्रदर्शनकारियों ने जिला कलेक्टरेट पहुंचकर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी पुलकित गर्ग को सौंपा।
मुख्य मांगें: अस्पताल को रिफर सेंटर बनने से रोकने की अपील
ज्ञापन में प्रमुख रूप से जिला अस्पताल को रिफर सेंटर बनने से रोकने, खोह अस्पताल को ट्रॉमा सेंटर घोषित करने, और हार्ट, लीवर, किडनी जैसे गंभीर रोगों के इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग की गई। इनमें गैस्ट्रोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी आदि विभागों के विशेषज्ञ शामिल हैं।
“रिफर सेंटर बन चुका है जिला अस्पताल” – विनोद केसरवानी
समाजसेवी विनोद केसरवानी ने आरोप लगाया कि जिले की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमराई हुई हैं। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में कोई भी गंभीर मरीज पहुंचता है तो उसे तुरंत अन्य जनपदों के लिए रिफर कर दिया जाता है। यहां तक कि सड़क हादसे में घायल मरीजों को भी बिना उपचार के अन्य जगह भेज दिया जाता है।
“जब तक सुधार नहीं, तब तक जारी रहेगा आंदोलन”
विनोद केसरवानी ने कहा कि जनता के सहयोग से उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का बीड़ा उठाया है।उन्होंने स्पष्ट कहा कि—जब तक जिला अस्पताल का रिफर सेंटर बंद नहीं होता, खोह अस्पताल को ट्रॉमा सेंटर नहीं बनाया जाता और विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं होती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।”






