उत्तर प्रदेशपीलीभीत

पीलीभीत में मिला घायल तेंदुआ, रेस्क्यू के बाद मौत

गले में तार का गहरा जख्म, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी वजह

जन एक्सप्रेस/ पीलीभीत। (मुकेश कुमार) बरखेड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक तेंदुआ संदिग्ध हालत में घायल पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची और तेंदुए को रेस्क्यू कर कार्यालय लाई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तेंदुए की गर्दन में तार फंसा होने का गहरा जख्म मिला है, जिसमें कीड़े पड़े थे। विभागीय टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

ग्रामीणों ने खेत के पास सड़क किनारे देखा घायल तेंदुआ

मंगलवार तड़के करीब पांच बजे ग्राम पिपरा खास के कुछ ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने नहर की ओर जाने वाली सड़क के किनारे एक तेंदुए को तड़पते हुए देखा। देखते ही देखते गांव के लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों के शोर करने पर घायल तेंदुआ घबराकर पास के तालाब में कूद गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण वह कुछ दूर जाकर ही किनारे पर गिर पड़ा।

दो घंटे बाद पहुँची वन विभाग की टीम

ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची, लेकिन इसमें लगभग दो घंटे लग गए। टीम ने तेंदुए को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया और कार्यालय लाया। उपचार के प्रयास से पहले ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गर्दन में गहरे जख्म, जाल में फंसने की आशंका

सामाजिक वानिकी प्रभाग के प्रभारी डीएफओ रमेश चौहान ने बताया कि तेंदुए की गर्दन में तार से बना गहरा घाव मिला है। घाव में कीड़े पड़ चुके थे, जिससे अनुमान है कि तेंदुआ लंबे समय से दर्द झेल रहा था। जंगली जानवरों को फंसाने के लिए लगाए जाने वाले फंदे में तेंदुए के फंसने की आशंका जताई जा रही है।

पोस्टमार्टम के बाद आएगी स्थिति स्पष्ट

वन विभाग ने तेंदुए के शव को सील कर चिकित्सकों की टीम को सौंप दिया है। विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण आधिकारिक रूप से स्पष्ट होगा।
घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग की देर से पहुंचने को लेकर नाराजगी भी देखी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button