उत्तर प्रदेशलखनऊ

डॉ. भीमराव अंबेडकर की सभी प्रतिमाओं की सुरक्षा अब राज्य सरकार करेगी सुनिश्चित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ऐतिहासिक निर्णय पर कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने व्यक्त किया आभार

जन एक्सप्रेस लखनऊ।महापरिनिर्वाण दिवस (6 दिसंबर 2025) पर उत्तर प्रदेश सरकार ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं की सुरक्षा को लेकर ऐतिहासिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि प्रदेश में स्थापित अंबेडकर की सभी प्रतिमाओं की सुरक्षा का दायित्व अब राज्य सरकार स्वयं संभालेगी। सरकार का यह निर्णय दलित समुदाय, वंचित वर्गों एवं अंबेडकर अनुयायियों की भावनाओं के सम्मान की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सरकार करेगी प्रतिमाओं की कड़ी सुरक्षा और नियमित निगरानी

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा प्रतिमा से छेड़छाड़, क्षति या आपत्तिजनक व्यवहार की घटनाओं पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। राज्य सरकार स्वयं सभी स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और संरक्षण सुनिश्चित करेगी।
इसके साथ ही अंबेडकर प्रतिमाओं वाले स्थलों पर मजबूत बाउंड्री निर्माण एवं सुरक्षित, आकर्षक छत्र लगाने की घोषणा भी की गई, ताकि इन स्थलों की सुरक्षा, गरिमा और सौंदर्य में और वृद्धि हो सके।

कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री से मिलकर जताया धन्यवाद

इस महत्वपूर्ण घोषणा को लेकर आज कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की और व्यक्तिगत रूप से, साथ ही दलित और वंचित समुदाय की ओर से उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री को एक प्रशस्ति पत्र और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा भेंट की गई, जो सरकार के इस दूरदर्शी निर्णय के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है।

सामाजिक सौहार्द और समानता की दिशा में बड़ा कदम

सरकार की यह पहल सामाजिक न्याय, समानता और सौहार्द के मार्ग को और मजबूत करने वाली मानी जा रही है। इससे बाबा साहेब की विचारधारा को नई ऊर्जा मिलेगी और समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा।इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी, प्रदेश अध्यक्ष रामआशीष राय, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रेस प्रवक्ता रोहित अग्रवाल तथा राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह अवाना भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button