उत्तर प्रदेशचित्रकूट

शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को लेकर सीधे जनता से संवाद

थाना समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं विद्यालय उच्चीकरण, स्वयं सहायता समूह और सड़क निर्माण पर दिए अहम निर्देश

जन एक्सप्रेस चित्रकूट:थाना बहिलपुरवा में आयोजित थाना समाधान दिवस के पश्चात विकास खंड मानिकपुर की ग्राम पंचायत कर्का पडरिया स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय बहिलपुरवा के प्रांगण में जन चौपाल का आयोजन किया गया। जन चौपाल में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं।जिलाधिकारी ने कहा कि जन चौपाल का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और सिंचाई से जुड़े विषयों पर ग्रामीणों के सुझाव लेना तथा मौके पर ही जन समस्याओं का समाधान करना है।जन चौपाल में ग्रामीणों ने बहिलपुरवा में इंटरमीडिएट तक विद्यालय स्थापित किए जाने अथवा वर्तमान उच्च प्राथमिक विद्यालय के उच्चीकरण का सुझाव दिया। जिलाधिकारी ने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा बढ़ावा:
स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने बकरी पालन एवं मुर्गी पालन के माध्यम से आजीविका बढ़ाने का सुझाव रखा। जिलाधिकारी ने डीसी एनआरएलएम को निर्देशित किया कि समूह की महिलाओं को बकरी पालन सहित अन्य स्वरोजगार गतिविधियों के लिए नियमानुसार शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

विद्यालय निरीक्षण, शिक्षकों की तैनाती पर जोर:
जन चौपाल के बाद जिलाधिकारी ने विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजू तिवारी से छात्र-छात्राओं की जानकारी ली। बताया गया कि विद्यालय में 132 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जिनके सापेक्ष एक इंचार्ज प्रधानाध्यापक एवं एक अनुदेशक तैनात हैं। प्रधानाचार्या द्वारा शिक्षकों की संख्या बढ़ाने का अनुरोध किया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
साथ ही शिक्षकों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मिड-डे मील योजना के अंतर्गत प्रतिदिन मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन बनाए जाने के निर्देश दिए गए।तत्पश्चात जिलाधिकारी ने 11 दिसंबर 2025 को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्र के क्रम में बहिलपुरवा से रुकमा होते हुए नई दुनिया तक पहुंच मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मानिकपुर द्वारा अवगत कराया गया कि संबंधित भूमि वन विभाग की है तथा वर्ष 2020 में वन विभाग द्वारा सर्वे कराया गया था।जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-1 के सहायक अभियंता को निर्देश दिए कि वन विभाग से समन्वय स्थापित कर एनओसी सहित अन्य औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करते हुए नियमानुसार सड़क निर्माण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

क्षतिग्रस्त चेकडैम के पुनर्निर्माण के निर्देश:
निरीक्षण के दौरान ओंहन नाले पर वन विभाग द्वारा निर्मित क्षतिग्रस्त चेकडैम का भी संज्ञान लिया गया। जिलाधिकारी ने वन विभाग के अधिकारियों को प्राक्कलन तैयार कराकर नियमानुसार पुनर्निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए।इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button