उत्तर प्रदेशचित्रकूट

308 जोड़ों का सामूहिक विवाह, मुख्यमंत्री योजना से मिली खुशहाली

जन एक्सप्रेस चित्रकूट |राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर में आयोजित हुआ भव्य विवाह कार्यक्रम समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आज राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर, सीतापुर चित्रकूट में 308 जोड़ों का सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश जी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया।जिलाधिकारी ने कहा कि कामतानाथ की पावन धरा पर संपन्न हो रहे मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सभी वर वधू को हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने बताया कि हिंदू, मुस्लिम और बौद्ध धर्म के अनुसार विवाह संपन्न कराया गया। मुख्यमंत्री योजना के तहत शासन द्वारा प्रत्येक जोड़े को एक लाख रुपए की सहायता दी जाती है। इसमें कन्या के खाते में 60 हजार रुपए, विवाह समारोह के आयोजन पर 15 हजार रुपए तथा अन्य आवश्यक सामग्री 25 हजार रुपए में उपलब्ध कराई जाती है।विवाह के दौरान वर-वधू को चांदी की बिछिया, पायल, स्टील के बर्तन, प्रेशर कुकर, साड़ी, चुनरी, पैंट-शर्ट, ट्रॉली बैग, गद्दा, चादर, कंबल, तकिया, वैनिटी किट, दीवार घड़ी जैसी सामग्री प्रदान की गई। एक जनपद-एक उत्पाद योजना के तहत रोटी रखने के लिए लकड़ी का केश रोल और ओडीओपी योजना के अंतर्गत लकड़ी की गणेश प्रतिमा भी भेंट की गई। साथ ही, श्रीअन्न योजना के तहत मिलेट्स आधारित सांवां की खीर भी वितरण की गई।हनुमानगढ़ी के आचार्य गिरीशदास तिवारी की टीम ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विवाह कार्यक्रम सम्पन्न कराया। हिन्दू रीति रिवाज के अंतर्गत 307 जोड़े, मुस्लिम समुदाय द्वारा एक जोड़ा और बौद्ध समाज द्वारा एक जोड़ा विवाह सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन राजकीय जिला पुस्तकालय के प्रभारी प्रदीप नारायण शुक्ला ने किया।मुख्य अतिथियों और जनप्रतिनिधियों ने जयमाला के दौरान पुष्प वर्षा कर वर-वधू को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। विवाह प्रमाण पत्र और अन्य सामग्री वितरण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ वैभव त्रिपाठी ने उपस्थित सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख पहाड़ी सुशील द्विवेदी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरिओम करवरिया, भाजपा महामंत्री अश्वनी अवस्थी, नगर अध्यक्ष रवि गुप्ता, साधना सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ भूपेश द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी सत्य राम यादव, डीसीएनआरएलएन ओमप्रकाश मिश्र, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद कर्वी लाल जी यादव सहित अन्य अधिकारी और वर-वधू के परिवारिक सदस्य उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button