उत्तर प्रदेशचित्रकूट

परिक्रमा मार्ग के विकास कार्यों की डीएम ने की समीक्षा, शौचालय संचालन पर दिए अहम निर्देश

जन एक्सप्रेस चित्रकूट |पर्यटन विकास कार्यों को लेकर हुई विभागीय समीक्षा बैठक आज दिनांक 15 दिसंबर 2025 को जिलाधिकारी चित्रकूट पुलकित गर्ग द्वारा परिक्रमा मार्ग, चित्रकूट में पर्यटन विभाग के माध्यम से कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिक्रमा मार्ग पर बने एवं निर्माणाधीन कार्यों के साथ-साथ सार्वजनिक शौचालयों के संचालन को लेकर विभिन्न विभागों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में परिक्रमा मार्ग पर किए जा रहे नाला निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि घरों से निकलने वाले पानी तथा वर्षा जल की निकासी को व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जल निकासी के आउटलेट सही स्थान पर और प्रभावी ढंग से बनाए जाएं, जिससे भविष्य में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।

सार्वजनिक शौचालयों में सुविधाओं की व्यवस्था

परिक्रमा मार्ग पर पर्यटन विभाग द्वारा निर्मित सार्वजनिक शौचालयों के संचालन को लेकर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने शौचालयों में पानी की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि शौचालयों का संचालन किसी सक्षम संस्था के माध्यम से किया जाए, जिससे नियमित साफ-सफाई और रखरखाव बना रहे। इस पर पर्यटन अधिकारी ने अवगत कराया कि शौचालयों के संचालन के लिए निजी संस्थाओं से बातचीत की जा चुकी है और शीघ्र ही इन्हें संस्थाओं के माध्यम से नियमित रूप से संचालित किया जाएगा।बैठक में प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अरुण कुमार सहित पर्यटन विभाग, नगर पालिका, यूपी पीसीएल एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि परिक्रमा मार्ग चित्रकूट की धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से विशेष पहचान है, ऐसे में यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button